
विकसित भारत की कल्पना को बच्चों ने रंगों और शब्दों में किया साकार
सेवा संकल्प अभियान के तहत डाइट पेंड्रा में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। सेवा, संकल्प एवं समर्पण—विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पेंड्रा में किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘विकसित भारत की कल्पना एवं 25 वर्षों के सेवा कार्य’ रखा गया।
जिले के तीनों विकासखंड गौरेला, पेंड्रा और मरवाही के विद्यालय, संकुल एवं विकासखंड स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चित्रकला प्रतियोगिता में 30 तथा भाषण प्रतियोगिता में 31 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

चित्रों में उकेरा विकसित भारत का सपना
प्रतियोगिता के दौरान तीनों विकासखंडों से चयनित प्रतिभागी छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई चित्रकलाओं की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्यार्थियों ने रंगों और कल्पनाशीलता के माध्यम से विकसित भारत की अपनी परिकल्पना को कागज पर जीवंत रूप दिया। प्रदर्शनी का जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अवलोकन किया और विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं प्रयासों की सराहना की।

भाषण प्रतियोगिता में प्राथमिक शाला बंधी, पेंड्रा की कक्षा पांचवीं की छात्रा प्रिंसी केवट ने ‘डिजिटल इंडिया’ विषय पर तथा माध्यमिक शाला कोटखर्रा, मरवाही की कक्षा सातवीं की छात्रा प्रिंसी गुर्जर ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। दोनों छात्राओं की आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से किया संवाद
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर विजय दयाराम के. ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद एवं बॉडी लैंग्वेज के महत्व पर उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर , उपाध्याय जिला पंचायत उपेंद्र बहादुर जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, बीईओ पेंड्रा आर.एन. चंद्रा, बीईओ गौरेला उपेंद्र सिंह, बीईओ मरवाही संजय वर्मा, आलोक शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।















