
गांधी जयंती पर कलेक्ट्रेट परिसर में गूंजे बापू के प्रिय भजन
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में भजन एवं राष्ट्रभक्ति गीतों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. द्वारा महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।


इस अवसर पर महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और मानवता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को याद किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के विचारों से प्रेरणा लेकर जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बापू के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ सहित विभिन्न राष्ट्रभक्ति गीतों की सुमधुर प्रस्तुति दी गई। भजन एवं गीतों के गायन-वादन से पूरा कलेक्ट्रेट परिसर श्रद्धा, शांति और राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, प्रभारी अपर कलेक्टर आकांक्षा पांडे, एसडीएम पेंड्रारोड विक्रांत अंचल, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा, आलोक शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















