जल तरंग तैराकी आवासी प्रशिक्षण एवं समर कैंप से बैगा बच्चों को मिला नया आत्मविश्वास
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 05 जून 2026/जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण तथा आदिवासी विकास विभाग के सहयोग से संचालित “जल तरंग” आवासीय तैराकी प्रशिक्षण एवं समर कैंप में बैगा बच्चों को नया आत्मविश्वास मिला। इस अभिनव कार्यक्रम के माध्यम से जिले के बच्चों को निःशुल्क तैराकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इससे बैगा बच्चों में जल सुरक्षा के प्रति जागरूकता के साथ-साथ खेल कौशल का भी विकास हुआ। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन के मार्ग दर्शन में प्रशिक्षित कोचों द्वारा बच्चों को तैराकी की बुनियादी एवं उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आवास, भोजन, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं आवश्यक खेल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक दक्षता और टीम भावना का विकास हुआ।

जिला प्रशासन के सहयोग से तरणताल नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा में 15 मई से 2 जून तक आयोजित आवासीय प्रशिक्षण में 16 बैगा जनजाति के खिलाड़ी बच्चे शामिल हुए। प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों को जल दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखने के साथ-साथ उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना रहा। इस पहल से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी तैराकी जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल सीखने का अवसर मिला। कार्यक्रम से लाभान्वित बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों में आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास बढ़ा है। कई बच्चों ने पहली बार तैराकी सीखकर जल के प्रति अपने भय पर विजय प्राप्त की है।
















