
सरस्वती शिशु मंदिर पेंड्रा में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, —राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यबोध को मजबूत करते हैं ऐसे आयोजन- डीईओ रजनीश तिवारी
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 25 सितंबर 2026। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के आयोजन के तहत सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंड्रा में सामूहिक राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। देशभर में संचालित लगभग 25 हजार सरस्वती शिशु मंदिरों में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रणव कुमार मरपची ने कहा कि वंदे मातरम् भारत माता के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त करने वाला गीत है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति गौरव और सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि सामूहिक वंदे मातरम् गायन भारत की विविधता में एकता और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना का प्रतीक है। उन्होंने राष्ट्रगीत के अर्थ और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा इसके पीछे निहित देशप्रेम और राष्ट्रीय भावना को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और नागरिक कर्तव्यों की भावना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक आयोजन विद्यार्थियों को देश की संस्कृति, राष्ट्रीय प्रतीकों और जिम्मेदार नागरिक होने के महत्व से परिचित कराते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष एवं सरस्वती शिशु मंदिर के पूर्व छात्र राकेश जालान ने कहा कि राष्ट्र एवं देशहित की भावना राजनीति से ऊपर है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रगीत का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, राकेश चतुर्वेदी, विनय सूर्यवाणी, मदन सोनी, विवेक जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, नगर पालिका पेंड्रा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रबंध अध्यक्ष नीरज जैन, व्यवस्थापक विकास जायसवाल, विद्यालय परिवार के पदाधिकारी, आचार्यगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, भारत माता पब्लिक स्कूल की छात्राएं, वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।















