Big Breaking News : परीक्षा देने जा रही छात्रा की सड़क हादसे में मौत, पिता गंभीर; टक्कर मारकर वाहन फरार, ग्राम अमझर निवासी

मिथलेश आयम, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम)। पसान से पेंड्रा पहुंच मार्ग पर शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। कोटमी सोना नदी पुल के पास सुबह लगभग 6 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में परीक्षा देने जा रही एक 21 वर्षीय युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक व घायल की पहचान कोरबा जिले के ग्राम अमझर के निवासी के रूप में हुई है। वहीं हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
परीक्षा देने घर से निकली थी छात्रा, कोटमी पुल के पास हुआ हादसा :-

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के पसान क्षेत्र का ग्राम अमझर निवासी 21 वर्षीय युवती आज सुबह अपने पिता के साथ बाइक पर सवार होकर परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। जैसे ही वे पसान-पेंड्रा मार्ग पर स्थित कोटमी सोना नदी पुल के पास पहुंचे, तभी एक अनियंत्रित वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक वाहन लेकर तेजी से भाग निकला।
पिता की हालत गंभीर, जिला अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया :-

जानकारी के अनुसार घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। हादसे में युवती के पिता को बेहद गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायल पिता को तुरंत जिला अस्पताल रवाना किया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और हालत गंभीर बताई जा रही है।
अमझर में पसरा मातम, फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस :-

इस हृदयविदारक हादसे की खबर जैसे ही ग्राम अमझर और मृतका के परिजनों को मिली, वहां कोहराम मच गया। जिस बेटी को पिता सुनहरे भविष्य की उम्मीद के साथ परीक्षा दिलाने ले जा रहे थे, उसकी असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। और संदिग्ध सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार वाहन और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।















