
खबर का असर: फील्ड रिपोर्ट के बाद बड़ी कार्रवाई, 313 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रेत जब्त, चार लोगों पर कार्रवाई
बिलासपुर/कोटा। बेलगहना क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के मामले में आखिरकार प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 313 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रेत जब्त कर ली है। लगातार फील्ड रिपोर्टिंग के बाद उठे सवालों पर कोटा एसडीएम के निर्देश पर बेलगहना के नायब तहसीलदार राहुल साहू के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, भेलवाटिकरा के दो अलग-अलग स्थानों तथा शक्तिबहरा में अवैध रूप से रेत का भंडारण किया गया था। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर पूरी रेत को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नायब तहसीलदार राहुल साहू ने बताया कि कार्रवाई के दौरान चार व्यक्तियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। इनमें भेलवाटिकरा में दो लोगों के नाम पर कार्रवाई की गई, जहां क्रमशः 150 और 140 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत जब्त की गई। वहीं शक्तिबहरा में दो मामलों में 15 और 8 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रेत जब्त की गई। इस प्रकार कुल 313 ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत प्रशासन ने जब्त की है।
पेंड्रा और अमरकंटक तक पहुंच रही थी अवैध रेत
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बेलगहना क्षेत्र से अवैध रूप से निकाली गई रेत को बेलगहना-खोंगसरा-टाटीधार मार्ग के रास्ते पेंड्रा और अमरकंटक तक पहुंचाकर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। आरोप है कि इस अवैध कारोबार से शासन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था, जबकि रेत माफिया मोटा मुनाफा कमा रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही थीं। कई बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी थी। लगातार हुई फील्ड रिपोर्टिंग के बाद प्रशासन ने आखिरकार बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत के भंडारण पर शिकंजा कस दिया।

रेत माफियाओं की पहचान में जुटा प्रशासन
प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ खनिज एवं राजस्व अधिनियमों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
















