
बिलासपुर में विभागीय योजनाओं की समीक्षा, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने दिए सख्त निर्देश; छात्रवृत्ति से लेकर पीएम जनमन और एकलव्य विद्यालयों तक की प्रगति परखी
बिलासपुर। आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने मंगलवार को बिलासपुर प्रवास के दौरान विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर परिसर स्थित मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने बिलासपुर संभाग के सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, परियोजना प्रशासकों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की जमीनी प्रगति की जानकारी ली और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित संभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रमुख सचिव बोरा ने विशेष रूप से छात्रवृत्ति की स्वीकृति निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। इसके लिए संस्था प्रमुखों की बैठक आयोजित कर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
13 से 15 अगस्त तक आदि सेवा केंद्रों में होगी जनसुनवाई

बैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत गांवों में स्थापित आदि सेवा केंद्रों में 13 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाली जनसुनवाई की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने पंचायत प्रतिनिधियों और मैदानी अधिकारियों के समन्वय से जनसुनवाई को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण की दिशा में तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए।
पीएम जनमन योजना और बहुउद्देशीय केंद्रों की स्थिति परखी प्रमुख सचिव ने पीएम जनमन योजना के तहत निर्मित बहुउद्देशीय केंद्रों के संचालन की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उन्हें समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

प्रयास और एकलव्य विद्यालयों में प्रवेश की समीक्षा
बैठक में प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रवेश एवं संचालन, छात्र-छात्राओं की कोचिंग के लिए संस्था चयन तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में प्रवेश की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पठन सामग्री, गणवेश और निर्माण कार्यों की भी समीक्षा
सोनमणि बोरा ने विद्यार्थियों को समय पर पठन सामग्री एवं गणवेश वितरण की स्थिति की जानकारी ली। इसके अलावा विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति और उनकी गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि स्वीकृत निर्माण कार्य अनावश्यक रूप से लंबित नहीं होने चाहिए और अधिकारियों को मैदानी निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की नियमित निगरानी करनी चाहिए।
सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों का जल्द करें निराकरण
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए और लंबित प्रकरणों की लगातार समीक्षा की जाए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, स्वीकृत कार्यों, विलेज वेरिफिकेशन सर्वे, प्रधानमंत्री अभ्युदय योजना एवं आदर्श ग्राम सर्वेक्षण की प्रगति की भी जानकारी ली गई। बैठक में विद्यार्थी पोषण उपवन तथा पीएचडीटीजी सर्वे कार्य की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
“योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी”
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विभागीय योजनाओं का उद्देश्य केवल स्वीकृति और कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं है। योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, मैदानी स्तर पर आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।















