
सेवा सेतु संकल्प अभियान: अंधियारखोर में लगा विशाल शिविर, ग्रामीणों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ
सेवा सेतु संकल्प अभियान: अंधियारखोर में लगा विशाल शिविर, ग्रामीणों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 06 अक्टूबर 2026। जिला पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अंधियारखोर में मंगलवार को सेवा सेतु संकल्प अभियान के तहत विशाल जनसमस्या निवारण एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्लस्टर से जुड़ी विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों तथा प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

बुजुर्गों को बांटे गए निःशुल्क चश्मे
शिविर के दौरान बुजुर्ग माताओं एवं बहनों के लिए दृष्टि परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। जांच के बाद जरूरतमंद हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए तथा मौके पर ही चश्मे पहनाए गए। वहीं पात्र ग्रामीणों को जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र भी मौके पर वितरित किए गए।

विशेष ग्राम सभा में भाग लेने की अपील
शिविर में ग्रामीणों को विशेष ग्राम सभा के महत्व की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने ग्रामीणों से विशेष ग्राम सभा में अनिवार्य रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे स्वयं क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में शामिल हो चुके हैं।
एक ही स्थान पर कई योजनाओं की सुविधा
शिविर में आयुष्मान कार्ड, राशन, पेंशन, पीएम किसान, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही निराकरण की कार्रवाई की गई।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश संयोजक बृजलाल सिंह, सेमरा मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी, जनपद पंचायत गौरेला अध्यक्ष शिवनाथ बघेल तथा जनपद सदस्य सुखराम भैंना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गौरेला विक्रांत अंचल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गौरेला ज्ञानदार भगत, उप संचालक कृषि सत्यजीत कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
अपने उद्बोधन में जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार का लक्ष्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु संकल्प अभियान शासन और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद तथा जनसमस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम बन रहा है।
कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।















