बैरा में सुशासन तिहार शिविर: 622 आवेदन पहुंचे, 54 का मौके पर हुआ निराकरण

मिथलेश आयम की रिपोर्ट, कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा : कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बैरा में सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास की 12 ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, कोटवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आमजन उपस्थित रहे।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना था। शिविर में ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 622 आवेदन प्रस्तुत किए गए।
इनमें राजस्व, राशन कार्ड, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन शामिल रहे। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा गंभीरता से सुनवाई करते हुए 54 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। देर शाम तक आवेदन पंजीयन का कार्य लगातार जारी रहा, जिससे शिविर में लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष उपस्थित रहे। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया। जिला प्रशासन की ओर से पोड़ी उपरोड़ा अनुविभागीय अधिकारी (SDM), जनपद पंचायत CEO तथा पसान तहसीलदार भी शिविर में मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए विशेष बात यह रही कि शिविर में कोरबा जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं और जानकारी उपलब्ध हो सकी। ग्रामीणों ने शिविर को जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।
















